Translate(अनुवाद करें)

बालू का खेल, वसूली का मेल! कुबेरस्थान पुलिस पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, वायरल वीडियो ने खोली ‘खाकी’ की पोल

  

🔴बालू की बोरी में दब गई इंसाफ की आवाज़? कुबेरस्थान पुलिस पर उगाही, दबंगई और सबूत मिटाने के गंभीर आरोप

🔵 ग्लोबल न्यूज 

कुशीनगर। जनपद के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया गांव से सामने आया एक वायरल वीडियो पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। वीडियो में दो पुलिसकर्मी एक महिला को जबरन पकड़कर खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा मौके पर मौजूद ग्रामीण पुलिस पर अभद्रता, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान एक युवक आक्रोश में पुलिसकर्मी को थप्पड़ भी मार देता है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रशासन कटघरे में खड़ा है।

🔴सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद, 

ग्रामीणों के अनुसार 22 मई को बालू लदी एक ट्रक ने सड़क के किनारे खड़े 33 वर्षीय संदीप को कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल संदीप को पहले मेडिकल कॉलेज कुशीनगर और फिर गोरखपुर रेफर किया गया, जहां 1 जून को उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बालू लदे ट्रक को घेर लिया और कथित तौर पर उसमें तोड़फोड़ की। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। यहीं से शुरू हुई वह कहानी, जिसकी स्क्रीप्ट खुद कुबेरस्थान पुलिस ने लिखी और खुद अपनी भूमिका को ही संदेह के घेरे में खडी हो गयी।


🔴55 लोगों पर कार्रवाई होगी कहकर गांव में शुरू हुई दबिश

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद कुबेरस्थान थाने के दो सिपाही लगातार गांव में दबिश देने लगे। लोगों का कहना है कि तोड़फोड़ के नाम पर 55 लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कही गई और इसके बाद बिना महिला पुलिसकर्मी के घरों में घुसकर छापेमारी शुरू कर दी गई।ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने घरों में घुसकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, गालियां दीं और कार्रवाई से बचाने के नाम पर पैसों की मांग की।गांव की नजमा खातून का आरोप है कि पुलिसकर्मी उनके घर में घुस आए जबकि घर में केवल नई-नवेली दुल्हन मौजूद थी। जब उनसे पूछताछ की गई तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उल्टा कथित तौर पर कहा गया कि “बचना है तो 25-25 हजार रुपये दो, नहीं तो जेल जाओ।” बेशक नगमा सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा लगाये गये यह आरोप सही हैं तो  रिश्वतखोरी और कानून के रक्षक पर ही कानून तोड़ने का आरोप है।

🔴सवाल: जब्त ट्रक की बालू आखिर गई कहां?

मामले का सबसे सनसनीखेज आरोप ट्रक में लदी बालू को लेकर है।ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली लगवाकर ट्रक में लदी पूरी बालू उतरवाई और उसे एक निजी दुकानदार को बेच दिया। इसके बाद खाली ट्रक को थाने लेकर चली गयी। विधि विशेषज्ञ कहते है।यह आरोप सत्य हैं तो यह केवल अनियमितता नहीं बल्कि सरकारी अभिरक्षा में रखी गई संपत्ति के कथित दुरुपयोग और साक्ष्यों के साथ से छेड़छाड़ करने जैसा गंभीर मामला बनता है।

🔴तोड़फोड़ का आरोप, फिर 151 में जेल क्यों?

ग्रामीणों का कहना है कि संतोष मद्धेशिया और दुर्गेश खटीक को पुलिस  पकड़कर थाने ले गई। आरोप है कि उनसे भी पैसों की मांग की गई और रकम न मिलने पर उन्हें धारा 151 के तहत चालान कर जेल भेज दिया गया।यहां बड़ा सवाल यह है कि यदि वास्तव में मामला तोड़फोड़ का था और ट्रक मालिक ने तहरीर दिया था, तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज क्यों नहीं हुआ? और यदि मामला इतना गंभीर नहीं था तो फिर निजी मुचलके पर छोड़े जाने योग्य धारा में जेल भेजने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? वायरल वीडियो अब पूरे घटनाक्रम का केंद्र बन गया है। वीडियो में दिख रही कथित पुलिसिया सख्ती और ग्रामीणों के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।महिला पुलिसकर्मी के बिना महिलाओं के घरों में दबिश क्यों? कार्रवाई के नाम पर पैसों की मांग के आरोपों की जांच कौन करेगा?जब्त ट्रक की बालू का हिसाब किसके पास है?अगर तोड़फोड़ हुई थी तो ट्रक मालिक द्वारा तहरीर कब दी गई? मुकदमा कब दर्ज हुआ है?और दोनो युवको को जेल कब भेजा गया? इन सभी सवालो का जबाब निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष होगी। फिलहाल वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों ने कुबेरस्थान पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच न केवल पुलिस की साख के लिए जरूरी है, बल्कि उन सवालों के जवाब के लिए  भी आवश्यक है जो यक्ष प्रश्न बना हुआ है।

🔵 रिपोर्ट - संजय चाणक्य 

No comments:

Powered by Blogger.