🔴 खाकी और शराब तस्कर के बीच डिलिंग का वायरल आडियो से मचा बवाल
🔵 ग्लोबल न्यूज
कुशीनगर। जिले के खड्डा थाना क्षेत्र की शालिकपुर चौकी से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में चौकी इंचार्ज और एक कथित शराब तस्कर के बीच अवैध शराब से लदे वाहन को छोड़ने के बदले रुपये के लेन-देन और मोलभाव की बातें होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि ऑडियो की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद खाकी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार 31 मई की सुबह शालिकपुर चौकी पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की थी। बताया जा रहा है कि वाहन से करीब आठ पेटी अवैध शराब बरामद हुई थी। आरोप है कि कार्रवाई के बाद वाहन छोड़ने को लेकर कथित तौर पर सौदेबाजी शुरू हुई और उसी दौरान हुई बातचीत का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में स्पष्ट सुनाई पड़ रही आवाजों में पहले 30 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की चर्चा होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में 40 हजार रुपये पर सहमति बनने और माल को जब्त दिखाने जैसी बातें भी कथित तौर पर कही जा रही हैं। यदि यह ऑडियो सही है तो यह सिर्फ भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों की साख पर भी गंभीर चोट माना जाएगा।ऑडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सवाल उठा रहा हैं कि यदि शराब तस्करों और पुलिस के बीच ऐसी कथित बातचीत हो रही है तो अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक कैसे लगेगी। कहना ना होगा कि पूर्वांचल का सीमावर्ती इलाका लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार के लिए चर्चाओं में रहा है। समय-समय पर पुलिस शराब पकड़ती है, तस्करों को जेल भेजती है, प्रेस नोट जारी होते हैं। लेकिन धंधा खत्म नहीं होता। ऐसे में जब वर्दी और तस्करो के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद है हैरानी के साथ साथयसवाल उठना लाजमी है "क्या यही वजह है कि कारोबार बंद नहीं हो रहा है?" मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी खड्डा ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी, लेकिन वायरल ऑडियो ने पुलिस विभाग को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि वायरल आडियो की निष्पक्ष जांच होती है या फिर जांच की कोरमपूर्ति की जाती है।
🔵रिपोर्ट - संजय चाणक्य

No comments: